कोलकाता: 24 मई (ए)
सरसुना पुलिस थाने में नाबालिग की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने यौन उत्पीड़न का वीडियो बनाया और बाद में उस फुटेज का इस्तेमाल पीड़िता को डराने-धमकाने के लिए किया।पुलिस के अनुसार, घटना 17 और 18 अप्रैल की रात में हुई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी बेहाला इलाके में थी, जहां दो अज्ञात युवकों ने कार में लिफ्ट के लिए पूछा।जिस कार से अज्ञात युवकों ने पीड़िता को लिफ्ट दी थी, उसमें आरोपियों के साथ पहले से ही पीड़िता की स्कूल फ्रेंड मौजूद थी।शिकायत में आरोप है कि कार में बैठने के बाद पीड़िता को एक चॉकलेट दी गई, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था। चॉकलेट खाने के बाद लड़की बेहोश जैसी स्थिति में चली गई। इसके बाद आरोपियों ने उसे अज्ञात स्थान पर ले जाकर सामूहिक ज्यादती की। घटना के दौरान आरोपीयों ने मोबाइल पर वीडियो भी बनाया। बाद में उसी वीडियो के आधार पर पीड़िता को धमकाया गया कि अगर पुलिस या परिवार को बताया तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा।पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के बाद उनकी बेटी गहरे मानसिक सदमे में चली गई थी। वह लगातार डरी हुई रहती थी और बात करने से कतराती थी, जिसके कारण परिवार तुरंत पुलिस के पास नहीं पहुंच सका। मामला बुधवार को दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 123, 351(2), 61(2) तथा पास्को एक्ट की धारा 4, 6 और 10 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।कोलकाता पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।