मुंबई: 30 अक्टूबर (ए) शिवसेना नेता नीलेश राणे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधने को लेकर भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन की आलोचना की और उन्हें अपनी मर्यादा में रहकर बयान देने की नसीहत दी।
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल हैं। हालांकि, विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में विपक्षी महाविकास आघाडी की पांच में से तीन सीटों पर जीत के बाद गठबंधन में मतभेद उभरकर सामने आए हैं।
इनमें मुंख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह क्षेत्र नागपुर की स्नातक निर्वाचन सीट भी शामिल है।
कुडाल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नीलेश राणे ने कहा, ‘‘नवनाथ बन, शिंदे साहब के बारे में बोलते समय अपनी मर्यादा में रहें। आप अपनी हैसियत से बढ़कर बोल रहे हैं।’’
पुणे और नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की आलोचना की थी।
उन्होंने दावा किया कि यदि शिवसेना ने भाजपा और राकांपा का समर्थन किया होता, तो महायुति गठबंधन विधान परिषद की सभी पांच सीटें जीत सकता था।
इसके बाद से ही भाजपा और शिवसेना के नेताओं के बीच हार को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
इसी बीच, नीलेश राणे के भाई और भाजपा नेता एवं कैबिनेट मंत्री नीतेश राणे ने भी विधान परिषद चुनाव के नतीजों के बाद महायुति गठबंधन के भीतर किसी ‘शकुनि मामा’ की मौजूदगी की जांच करने की बात कही थी।
पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव परिणाम 28 अक्टूबर को घोषित किए गए।
कांग्रेस ने नागपुर स्नातक सीट पर जीत दर्ज की, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीटों पर कब्जा किया।
वहीं, भाजपा ने पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट जीती, जबकि अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट शिवसेना के खाते में गई।
