कोलकाता: 19 अगस्त (ए) मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी भी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई। फायरफाइटर्स ने जोखिम उठाकर होटल के कमरों की तलाशी ली और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। बचाव अभियान के दौरान कम से कम 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। आग पर काबू पा लिया गया है और इमारत में कूलिंग ऑपरेशन जारी है।फिलहाल आग लगने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट, किसी उपकरण या किसी अन्य कारण से लगी।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटेंगी कि होटल में अग्नि सुरक्षा के क्या इंतजाम थे, आपातकालीन निकास कितने थे और आग लगने के बाद मेहमानों को सुरक्षित बाहर निकालने की व्यवस्था कितनी प्रभावी थी।
