वाशिंगटन/इस्लामाबाद: एक मई (एपी)
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे (ईरान) एक समझौता करना चाहते हैं, मैं उससे संतुष्ट नहीं हूं, इसलिए देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’ हालांकि, ट्रंप ने प्रस्ताव की ”कमियों” के बारे में विस्तार से नहीं बताया। राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले सप्ताह अमेरिकी दूतों की पाकिस्तान यात्रा रद्द होने के बाद भी बातचीत फोन पर जारी है। उन्होंने ईरानी नेतृत्व के प्रति निराशा व्यक्त की। ट्रंप ने कहा कि वहां एक बेहद बिखरा हुआ नेतृत्व है। वे सभी समझौता करना चाहते हैं, लेकिन उनमें आपस में ही मतभेद है। ईरान की ओर से नया प्रस्ताव ऐसे समय में आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि तेहरान युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने को बेताब है, क्योंकि वाशिंगटन की ओर से ईरान के खिलाफ आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बाद उसकी अर्थव्यवस्था दयनीय स्थिति में है। हालांकि, अमेरिकी मीडिया की खबरों में ईरान के नए प्रस्ताव के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया है।
इससे पहले, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और युद्ध समाप्त करने की पेशकश की थी, लेकिन वह अपने परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को बाद की तारीख तक स्थगित करना चाहता था। ‘एक्सियोस’ ने मामले की “जानकारी रखने वाले एक सूत्र” के हवाले से खबर दी कि ट्रंप ने प्रस्ताव को खारिज कर दिया था और वार्ताकारों से परमाणु मुद्दे को मसौदा पाठ में फिर से शामिल करने के लिए कहा था।