पुलिस क्षेत्राधिकारी की इटावा में सड़क हादसे में मौत, गनर घायल

उत्तर प्रदेश बाराबंकी
Spread the love

बाराबंकी (उप्र): 28 सितंबर (ए) बाराबंकी जिले में तैनात एक पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) की इटावा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई और उनका गनर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) निवासी क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह (55) की रविवार शाम उपचार के दौरान मौत की खबर आई। सीओ सिंह और सिपाही गनर योगेंद्र सिंह कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। ऊसराहार क्षेत्र में खरगुआ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सीओ नरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गनर योगेंद्र सिंह को भी चोटें आईं। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल नरेंद्र सिंह को तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां उनका उपचार चल रहा था, लेकिन रविवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घायल सिपाही योगेंद्र सिंह का उपचार जारी है।बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने नरेंद्र सिंह की मौत की पुष्टि की है।एसपी के मुताबिक, करीब छह महीने पहले नरेंद्र सिंह बागपत में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। प्रांतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति के बाद उन्हें क्षेत्राधिकारी बनाया गया था। बाराबंकी में तैनाती के बाद वह कार्यालय का काम देख रहे थे।