ब्रिजवॉटर (अमेरिका): आठ जून (ए)
ट्रंप ने रविवार को प्रसारित हुए समाचार चैनल एनबीसी के कार्यक्रम ‘मीट द प्रेस’ में दिए एक साक्षात्कार में कहा कि उन्होंने कभी यह ‘‘गारंटी नहीं दी थी’’ कि उनके सत्ता में आने पर कोई युद्ध नहीं होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले तो बता दूं कि मैंने कभी यह गारंटी नहीं दी कि कोई युद्ध नहीं होगा। फिर मैं दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना क्यों बनाता?’’
ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वियों को युद्ध समर्थक बताते थे और दावा करते थे कि उन्होंने अपने पिछले कार्यकाल में ‘‘कोई नया युद्ध नहीं’’ शुरू किया। हालांकि, विस्कॉन्सिन में शुक्रवार को रिकॉर्ड किए गए एनबीसी के इस साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि एक उम्मीदवार के रूप में ‘‘मैंने ऐसा कोई वादा नहीं किया था।’’
ईरान के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे अंतहीन युद्ध पसंद नहीं हैं। यह कोई अंतहीन युद्ध नहीं है। हम केवल तीन महीने से इसमें शामिल हैं।’’
उन्होंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना आवश्यक है और इसी उद्देश्य से वह ‘‘दुनिया और अपने देश की भलाई’’ के लिए यह कदम उठा रहे हैं।