सम्भल (उप्र): 25 जून (ए)
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि बहजोई क्षेत्र स्थित एसआर राइस मिल में बुधवार देर रात करीब ढाई बजे यह हादसा हुआ।
विश्नोई ने बताया, ‘‘मिल के एक गहरे चैंबर में पहले एक मजदूर नीचे उतरा, जहां वह कथित रूप से विषैली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे बचाने के लिए दूसरा मजदूर नीचे उतरा, लेकिन वह भी गैस के प्रभाव में आकर बेहोश हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों मजदूरों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विजय पाल (42) और ओमपाल (32) को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों मजदूरों की मौत विषैली गैस के कारण होने की आशंका सामने आई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की जांच की जा रही है।