उप्र मंत्रिमंडल विस्तार : सपा से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय ने ली मंत्री पद की शपथ

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ: 10 मई (ए) उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के रविवार को हुए दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के तहत समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित विधायक मनोज पांडेय को भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में पांडेय को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।पांडेय रायबरेली की ऊंचाहार विधानसभा सीट से विधायक हैं। वह वर्ष 2012-17 में सपा सरकार में भी कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। अवध क्षेत्र में ब्राह्मण समाज के बड़े नेता माने जाने वाले पांडेय वर्ष 2022 में सपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे और वह विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक भी रहे। वर्ष 2024 में उन्होंने पार्टी नेतृत्व की नीतियों से नाराज होकर मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे दिया और राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की, जिसके बाद साल 2025 में उन्हें सपा से निष्कासित कर दिया गया था।