महिला का गला रेता हुआ शव मिला, पति पर शक

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली, 13 जून (ए)) पूर्वी दिल्ली के कैलाश नगर में शनिवार को एक झुग्गी के अंदर एक महिला का गला रेता हुआ शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस को इस अपराध में उसके पति की भूमिका का शक है और वह जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी शाम करीब 4:30 बजे मिली। उसने बताया कि कैलाश नगर बीट क्षेत्र में गश्त पर तैनात मुख्य आरक्षक प्रमोद को सूचना दी गई कि एक झुग्गी के अंदर एक महिला पड़ी है और उसका गला कटा हुआ है।

पुलिस ने बताया कि वह तुरंत मौके पर पहुंचे और बाद में वरिष्ठ अधिकारी भी वहां पहुंच गए। अपराध टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।

मृतका की पहचान गांधी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैलाश नगर की रहने वाली रुखसार के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रुखसार और उसके पति के बीच पिछले दो वर्षों से अक्सर वैवाहिक विवाद चल रहे थे। यह भी पाया गया कि घटना वाले दिन महिला का पति उससे मिलने आया था। पुलिस जांच कर रही है।

मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।