क्रिकेटर कुलदीप यादव मसूरी में विवाह बंधन में बंधे

खेल
Spread the love

देहरादून: 15 मार्च (ए) उत्तराखंड की पर्यटक नगरी मसूरी में भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव अपनी मंगेतर वंशिका सिंह के साथ विवाह बंधन में बंध गए।

शनिवार रात तक चलीं विवाह से संबंधित सभी रस्में शहर के मशहूर होटल ‘द सेवॉय’ में हुईं जिसे क्रिकेटर की शादी के लिए विशेष रूप से सजाया गया था।

विवाह में तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह और सुरेश रैना जैसी क्रिकेट जगत की हस्तियां भी शामिल हुईं।

बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री भी विवाह समारोह में पहुंचे और उन्होंने वर—वधू को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

कुलदीप हाल में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे।

मंच पर पहुंचकर कुलदीप यादव और वंशिका सिंह ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। इसके बाद देर रात मंडप में सात फेरों की रस्म पूरी की गई, जिसके साथ ही दोनों वैवाहिक बंधन में बंध गए।

इससे पहले कुलदीप यादव गोल्डन शेरवानी पहनकर घोड़े पर सवार होकर बारात के साथ दुल्हन लेने निकले। बारात में मौजूद क्रिकेटर्स ने पिंक और सफेद रंग के साफे बांधे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों और खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया। बैंड-बाजे के लिए दिल्ली से छह सदस्यों की ढोल बजाने वाली टीम मसूरी पहुंची थी।