लखनऊ, 15 दिसम्बर एएनएस। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक पीसीएस अधिकारी को रेप के आरोप में उसकी शादी के अगले ही दिन गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी पर एक लड़की ने शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। लड़की का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है। 12 दिसम्बर को उसने किसी अन्य लड़की से शादी कर ली। जानकारी के अनुसार
आरोपी अनुराग रंजन पीसीएस 2018 बैच के चयनित उम्मीदवार हैं लेकिन अभी उन्हें तैनाती नहीं मिली है। उनके खिलाफ लखनऊ के आशियाना थाने में लड़की ने रिपेार्ट दर्ज कराई है। लड़की का आरोप है कि शादी का झांसा देकर अनुराग ने उनसे रेप किया। आशियाना पुलिस के अनुसार क्षेत्र के रुचि खंड निवासी अनुराग रंजन की शादी 12 दिसंबर को हुई थी। अगली सुबह वह जैसे ही दुल्हन को लेकर अपने घर पहुंचे उनकी प्रेमिका ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। उसने अनुराग पर शादी का झांसा देकर तीन साल तक रेप करने का आरोप लगाया।
