ईरान के राष्ट्रपति ने इस्लामाबाद में शांति वार्ता में तेहरान की भागीदारी की पुष्टि की: शहबाज

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

इस्लामाबाद: आठ अप्रैल (ए)) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस बात की पुष्टि की है कि इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ पाकिस्तान की मदद से होने वाली शांति बातचीत में तेहरान हिस्सा लेगा। यह बात प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कही।

शहबाज ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ टेलीफोन पर ‘‘अच्छी और गर्मजोशी भरी’’ बातचीत की। यह बातचीत अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सशर्त युद्धविराम पर सहमत होने के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें जहाज परिवहन के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना भी शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस इलाके में शांति वापस लाने के लिए मिलकर काम करने के वास्ते इस हफ़्ते के आखिर में इस्लामाबाद में शांति वार्ता की मेजबानी करने के पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए ईरानी नेतृत्व की समझदारी की गहन प्रशंसा की।’’

शहबाज़ ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति पेजेशकियन ने होने वाली बातचीत में ईरान के हिस्सा लेने की फिर से पुष्टि की और पाकिस्तान की कोशिशों की तारीफ की, साथ ही पाकिस्तान के लोगों के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।’’

यह तुरंत साफ नहीं हुआ कि इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत में ईरान का प्रतिनिधित्व कौन करेगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उनकी बातचीत 45 मिनट से ज़्यादा चली।

शहबाज़ ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को भी अपनी श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान इस इलाके और उससे आगे शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने सभी दोस्तों और साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।’’

दोनों नेता करीबी संपर्क में रहने पर सहमत हुए।