दुबई,नौ मार्च (ए)।मोजतबा खामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर घोषित किया गया है। उन्होंने अपने पिता अली खामेनेई की जगह ली है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब ईरान का अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष जारी है और हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। तेहरान समयानुसार आधी रात के बाद जारी बयान में असेंबली ने कहा कि “निर्णायक वोटिंग के बाद आयतोल्लाह सैयद मोजतबा होसैनी खामेनेई को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का तीसरा सर्वोच्च नेता नियुक्त किया जाता है।” सुप्रीम लीडर का पद ईरान में सबसे शक्तिशाली माना जाता है। इस पद पर बैठा व्यक्ति देश की सरकार, सेना और विदेश नीति सहित लगभग सभी बड़े फैसलों पर अंतिम अधिकार रखता है।
अमेरिका और इजरायल ने नए सुप्रीम लीडर के ऐलान से पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मोजतबा खामेनेई को उनके पिता का उत्तराधिकारी चुना गया है। ईरान की 88 धर्मगुरुओं वाली संस्था ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने मतदान के जरिए उनके नाम को मंजूरी दी। संस्था की ओर से जारी बयान में कहा गया कि निर्णायक बहुमत के साथ अयातुल्ला सैयद मोजतबा हुसैनी खामेनेई को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान का तीसरा सुप्रीम लीडर नियुक्त किया गया है।