मऊ (उप्र): सात अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के मऊ में दो व्यक्ति ने अपनी पत्नी और प्रेमिका से कथित तौर पर संबंध होने के कारण 30 वर्षीय दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक बलवंत सिंह का शव मंगलवार को हलधरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गहनी गांव में सड़क किनारे झाड़ियों में उसका शव मिला। बलवंत खुद भी शादीशुदा था
बलवंत सोमवार देर शाम अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित नलकूप पर सोने के लिए गया था। मंगलवार सुबह गहनी-गहना मार्ग के किनारे झाड़ियों में ग्रामीणों ने उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गहनता से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।बलवंत के पिता प्रदीप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझाई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बलवंत सिंह के अपने एक दोस्त की पत्नी और दूसरे दोस्त की प्रेमिका से कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों आरोपी बलवंत से नाराज थे। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते विवेक सिंह उर्फ सिट्टू सिंह और देवेंद्र यादव ने बलवंत सिंह की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपी विवेक सिंह उर्फ सिट्टू सिंह और देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
