लखनऊ: 17 फरवरी (भाषा) केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को खत्म किए जाने और सरकार के कथित कुशासन के खिलाफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विधान भवन के घेराव की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी ने ‘ बताया कि ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत और भाजपा के कुशासन के खिलाफ विधान भवन का घेराव कर प्रदर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी दफ्तर से निकले लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने जब आगे बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स ने उन पर बलप्रयोग किया।