आगरा (उप्र) 18 जुलाई (ए)) उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में अदालत से लौट रही एक महिला की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए महिला के पति पर ही हत्या का संदेह जताया है।
पुलिस के अनुसार फतेहाबाद थाना क्षेत्र में करीब साढ़े चार बजे शाम को यह घटना हुई मंजू (47) अदालत से लौट रही थी और इसी दौरान उसे गोली मार दी गई।
मृतका फतेहाबाद निवासी मनोज की पत्नी थी, जो अपने पति से अलग मायके में रह रही थी।
कहा जा रहा है कि मंजू के रहते हुए मनोज ने दूसरी शादी कर ली थी। वह मंजू को गुजारा भत्ता भी नहीं दे रहा था। मंजू अपने मायके गढ़ी केसरी में रहने लगी थी और गुजारा भत्ते के लिए उसने अदालत में मुकदमा दायर किया हुआ था। इसी मुकदमे की तारीख के लिए वह जनपद न्यायालय आई थी। मायके लौटने के लिए वह बस से फतेहाबाद पहुंची। फतेहाबाद से गढ़ी केसरी के लिए आने-जाने का कोई सीधा साधन नहीं है, इसलिए मंजू फतेहाबाद से पैदल ही अपने गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान, सारंगपुर के पास उसे गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सड़क किनारे मंजू का शव पड़ा देख मौके पर भीड़ जमा हो गई।
थाना निबोहरा पुलिस ने मंजू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने पति मनोज पर ही हत्या का शक जताया है। पुलिस प्रथम दृष्टया मंजू के पति मनोज को ही संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद से मनोज फरार है।
एसीपी फतेहाबाद अमरदीप लाल ने मीडिया को बताया कि सारंगपुर रोड पर महिला का शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतका का अपने पति मनोज से विवाद चल रहा था। पुलिस मनोज की तलाश कर रही है।