लॉस एंजिलिस: एक अक्टूबर (एपी) अमेरिका में लॉस एंजिलिस के पास कैटालिना द्वीप के तट पर एक मरीज को ले जा रहा चिकित्सकीय हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बचाव दल बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर में सवार पांचवें व्यक्ति की तलाश में जुटा रहा, जो बुधवार रात हुई इस दुर्घटना के बाद से लापता है।
तटरक्षक बल की कैप्टन स्टेसी क्रेसी ने एक पत्रकार वार्ता में बताया कि तटरक्षक बल, क्षेत्र के दमकलकर्मी और लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग के गोताखोर रात भर राहत एवं बचाव कार्य में लगे रहे।
क्रेसी ने कहा, “हम लापता व्यक्ति की सक्रियता से तलाश कर रहे हैं। इसके अलावा गोताखोर और दूर से संचालित वाहन (रिमोट ऑपरेटेड व्हीकल) मलबे का मुआयना करेंगे। उम्मीद है कि यदि पानी में डूबा हुआ हेलीकॉप्टर का ढांचा मिलता है, तो आज सुबह स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।”
दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। क्रेसी ने बताया कि हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया और द्वीप से कुछ ही दूरी पर पानी में जा गिरा। उन्होंने बताया कि अधिकारी पीड़ितों की पहचान करने में जुटे हैं।
क्रेसी ने कहा, “हमारा मानना है कि चिकित्सकीय विमान मरीज को आगे के इलाज के लिए द्वीप से मुख्य भूभाग (मेनलैंड) ले जा रहा था।” उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास मरीज या इस परिवहन के संबंध में अधिक जानकारी उपलब्ध नहीं है