आगरा, 29 नवम्बर एएनएस। केंद्रीय गृहमंत्री का भांजा बनकर भाजपा विधायक को ठगने आगरा पहुंचे युवक ने गारमेंटस शोरूम से शॉपिंग की तो उसकी पोल खुल गई। 40 हजार रुपये की खरीदारी का बिल देने के लिए कथित भांजा विधायक के बेटे की तरफ देखने लगा। बेटे ने विधायक को प्रकरण से अवगत कराने के साथ गूगल सर्च किया तो राज खुल गया। इसके बाद कथित भांजे को थाना नाई की मंडी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार आगरा आने से पहले युवक ने फोन पर विधायक से बात की थी। विधायक जी नमस्कार। अमित शाह का भांजा विराज शाह बोल रहा हूं। आगरा में कुछ होटल बिक रहे हैं। उन्हें देखने आगरा आना चाहता हूं। अपना कोई बंदा साथ लगा देना जो आगरा घुमा दे। तीन दिन पहले इस अंदाज का फोन भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय के पास आया था। विधायक ने बताया कि फोन करने वाले ने खुद को अमित शाह का भांजा बताया। कहा कि आगरा में काम है। उन्होंने उससे कहा कि स्वागत है। आगरा आ जाएं। सुबह उसी युवक ने उन्हें दोबारा फोन किया। कहा कि वह आगरा आ गया है। उन्होंने कहा कि वह एक शादी समारोह में दिल्ली आए हुए हैं। शाम तक आगरा पहुंचेंगे। तभी मुलाकात होगी। करीब एक घंटे बाद युवक का फिर फोन आया। कहा कि वह किसी को अपनी पहचान बताना नहीं चाहता। कोई भरोसे वाला व्यक्ति हो तो उनके साथ लगा दें। उसे जहां जाना है, वह ले जाएगा। उसने आगरा नहीं देखा है। विधायक ने अपने बेटे वात्सल्य उपाध्याय को फोन कर दिया। कहा कि एक अंकल आए हैं। उन्हें कुछ जगह जाना है। गाड़ी में साथ ले जाएं। चाय नाश्ता भी करा देना। बेटे ने ऐसा ही किया। दोपहर को बेटे का फोन आया। बताया कि वह युवक एमजी रोड स्थित बच्चूमल के शोरूम पर आया था। 40 हजार रुपये की खरीदारी कर ली है। बिल के लिए उनकी तरफ देख रहा है। क्या करना है। यह सुनकर विधायक को शक हुआ। उन्होंने छोटे बेटे आलौकिक को फोन किया। विराज शाह के बारे में नेट पर सर्च करने को कहा। आलौकिक ने गूगल पर नाम सर्च किया। युवक के कारनामे खुलकर आ गए। विधायक ने बड़े बेटे को कहा कि बिल मत देना। अंकल को घर लेकर पहुंचो। दुकानदार से बोल दो कि सामान घर भिजवा देंगे। भुगतान वहां कर देंगे।
