मुंबई, 21 अक्टूबर (ए) अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के सिलसिले में आग्नेयास्त्र आपूर्ति नेटवर्क एवं अन्य पहलुओं का खुलासा करने के लिए जांच के दायरे का विस्तार करते हुए हरियाणा और उत्तर प्रदेश से दो महिलाओं समेत पांच और लोगों को पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राज तिलक रोशन ने यहां प्रेसवार्ता में बताया कि इन पांच लोगों को मुंबई लाया जा रहा है, जिससे इस मामले में अब तक गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या आठ हो गई है।
आज दिन में इससे पहले श्रॉफ की कार पर गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल तीन मुख्य आरोपियों को राजस्थान के कोटा से मुंबई लाया गया और 31 अक्टूबर तक उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
डीसीपी ने बताया कि लगातार तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर अपराध शाखा उस बड़े सिंडिकेट तक पहुंच गई, जो गोलीबारी में इस्तेमाल किए गए हथियारों को जुटाने और उनकी आपूर्ति करने के लिए जिम्मेदार था।
उन्होंने बताया कि सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर तथा दिल्ली एवं हरियाणा पुलिस के सहयोग से, एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की गई।
उन्होंने कहा कि इस दौरान दो पुरुषों और दो महिलाओं को पकड़ा गया, जबकि एक पांचवें संदिग्ध को हरियाणा के सोनीपत से हिरासत में लिया गया।
दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत के कुणाल (21) और सुमित (19) तथा उत्तर प्रदेश की राधा (23) तथा बबीता (23) के रूप में की है।
उन्होंने कहा, ‘‘गिरफ्तार किए गए संदिग्धों में से दो लोग हथियार लाने के लिए अमृतसर गए थे। इसके बाद, दो महिला संदिग्धों ने ट्रेन से इन हथियारों की तस्करी की तथा उन्हें सीधे हमलावरों तक पहुंचाया।’’
डीसीपी ने बताया, ‘‘हाल में गिरफ्तार किया गया एक संदिग्ध पुरुष , शूटरों के साथ मुंबई में ठहरा हुआ था, ताकि उन्हें मदद मुहैया कराई जा सके।’’
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में कम से कम दो लोगों ने श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं और फिर मोटरसाइकिल से वहां से भाग गए। अभिनेता बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका चालक और वहां मौजूद एक राहगीर घायल हो गए।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अमेरिका में रह रहे पानीपत के 32 वर्षीय गैंगस्टर अनिल पंडित (जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कथित साथी है) के कहने पर, कुणाल ने सुमित के साथ मिलकर अमृतसर में एक पिस्तौल और 20 कारतूस प्राप्त किए। इसके बाद, राधा और बबीता कथित तौर पर उस हथियार को लेकर मुंबई गईं।
गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है।
