तालाब में गिरी वैन, तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: पांच सितंबर (ए) राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार सड़क दुर्घटना में तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी (एसएचओ) अनिल कुमार ने बताया कि यह हादसा मनिया थाना क्षेत्र के फूलपुर गांव के पास हुआ।उन्होंने बताया कि एक वैन में करीब 10 से अधिक लोग सवार थे, जो सड़क पर पानी भरा होने के कारण अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई।

कुमार ने बताया कि वाहन के अंदर फंसे बच्चों और महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद उन्होंने वैन में सवार लोगों को बाहर निकाला।

उन्होंने बताया कि घायलों को मनिया के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों और एक महिला को मृत घोषित कर दिया।अधिकारी ने कहा कि सात-आठ घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया गया , जबकि दो अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार, आशंका है कि सड़क पर पानी भरा होने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया।