लखनऊ: पांच सितंबर (ए) समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को राज्य में कथित तौर पर प्राथमिक स्कूल बंद किए जाने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, “अगर बंद स्कूल फिर से खुलेंगे तो पीडीए पढ़ेगा।”सपा प्रमुख ने कहा कि शिक्षा से ही शोषित-वंचित, गरीब-पीड़ित समाज में वो सामाजिक-राजनीतिक चेतना और जागरूकता आएगी। इससे प्रभुत्ववादियों का वर्चस्व खत्म होगा। उन्होंने सरकार पर पीडीए समाज को शिक्षा से वंचित करने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार स्कूल बंद कर रही है, जर्जर स्कूल की फोटो खींचने पर मुकदमा हो जाता है, अंग्रेजों ने भी कभी शिक्षा पर मुकदमा दर्ज नहीं किया था।हमारी सरकार बनने पर सभी बंद स्कूल खोले जाएंगे और पढ़ाई से लेकर मिड डे मील तक की बेहतर व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षकों से पढ़ाने के अलावा कोई दूसरा काम नहीं कराया जाएगा।शनिवार को सपा की ओर से शिक्षक सम्मान, विद्यार्थियों को पुस्तक-बैग वितरण आदि कार्यक्रम किए गए। सपा का यह अभियान 11 सितंबर तक चलेगा। इसमें पीडीए पौधारोपण, छात्र संपर्क शिविर, गोष्ठियों और मेधावी सम्मान समारोह आदि कार्यक्रम किए जाएंगे। अभियान की जिम्मेदारी मुख्य रूप से सपा छात्र सभा को दी गई है।
