नयी दिल्ली: 22 सितंबर (ए) दिल्ली पुलिस ने पहाड़गंज इलाके में एक ‘स्पा’ में कथित देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया और आठ महिलाओं को मुक्त कराया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि परिसर में कथित अवैध गतिविधियों के बारे में सूचना मिलने के बाद सोमवार शाम को एक इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल पर छापेमारी की गई। पुलिस के अनुसार, एक गुप्त सूचना देने वाला व्यक्ति सब-इंस्पेक्टर नीरज राठी के पास पहुंचा था. उसने बताया कि पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा इलाके में एक स्पा की आड़ में कथित अवैध गतिविधि चल रही है. यह गतिविधि मकान नंबर 9139 की गली नंबर-3 में दूसरी और तीसरी मंजिल पर संचालित होने की जानकारी मिली थी. सूचना तत्काल नबी करीम थाने के SHO को दी गई और इसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया.
पुलिस ने कार्रवाई से पहले मिली सूचना की पुष्टि के लिए डिकॉय कस्टमर का इस्तेमाल किया. सब-इंस्पेक्टर अमित को डिकॉय कस्टमर के तौर पर भेजा गया था. पुलिस के मुताबिक, मौके पर गतिविधि की पुष्टि होने के बाद टीम ने मकान नंबर 9139 की दूसरी और तीसरी मंजिल पर छापा मारा. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया और मौके से आठ महिलाओं को रेस्क्यू किया.पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में 27 वर्षीय विवेक कुमार शामिल है, जो मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक लुक लाइफ स्पा का मालिक है. दूसरा आरोपी 36 वर्षीय दशरथ मंडल है, जो झारखंड के महेशपुर गांव का रहने वाला है और स्पा का मैनेजर बताया गया है. इसके अलावा बिहार के छपरा जिले के पिलखी नवादा गांव का 20 वर्षीय अमन और गाजियाबाद के लोनी स्थित तिलामोड़ इलाके का 27 वर्षीय गुड्डू कर्मकार भी गिरफ्तार किया गया है.
