नयी दिल्ली: 10 अक्टूबर (ए) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को रोकने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त किए गए और कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके, चार पूर्व मुख्यमंत्रियों और यूट्यूबर ध्रुव राठी समेत सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।
प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल जंतर-मंतर पूरे दिन सुनसान नजर आया। प्रदर्शनकारियों को इलाके से दूर रखने के लिए लुटियन दिल्ली में 30 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई और कई स्तरों पर बैरिकेड लगाए गए। विपक्षी दलों ने स्थिति की तुलना आपातकाल से भी बदतर हालात से की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने युवाओं से ‘‘प्रदर्शन जारी रखने’’ की अपील की और कहा कि ‘‘हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस शासन और संविधान पर हमला करने वाले लोगों को इसकी कीमत चुकानी पड़े।’’
आम आदमी पार्टी (आप) के अरविंद केजरीवाल, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पिनराई विजयन और माणिक सरकार सहित विपक्ष के कई नेताओं को राजधानी में अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया। ये नेता कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे।
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने कहा, ‘‘यह आपातकाल से भी आगे निकल गया है। यह महा-आपातकाल बन गया है।’’ हिरासत में लिए गए कई नेताओं ने दावा किया कि पुलिस उन्हें घंटों तक वाहनों में इधर-उधर घुमाती रही।
माकपा महासचिव एम ए बेबी, वरिष्ठ वामपंथी नेता बृंदा करात, भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, अधिवक्ता प्रशांत भूषण और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा को भी हिरासत में लिया गया।
राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चेन्नई में थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का ‘‘मूल चरित्र’’ ‘‘कायरता’’ है।
कांग्रेस ने कथित ‘‘वोट चोरी’’ को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किए हैं, लेकिन उसने कॉजपा के प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी।
मुंबई से दिल्ली पहुंची उड़ान के उतरते ही दिल्ली पुलिस ने दीपके और कॉजपा के दो अन्य नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को विमान के भीतर से ही हिरासत में ले लिया।
कॉजपा द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दीपके को विमान में दाखिल हुए पुलिस अधिकारियों से यह कहते सुना जा सकता है, ‘‘हम यहां गिरफ्तार होने आए हैं, आइए और हमें गिरफ्तार कीजिए।’’
हिरासत में लिये जाने से पहले पुलिसकर्मियों ने कॉजपा नेताओं से कहा कि उनके पास जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है।
दीपके ने कहा कि कॉजपा नेताओं को अपराधियों की तरह हिरासत में लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी ऐसा नहीं किया था और यह तानाशाही के समान है।विदेश में रहने वाले और मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार के खिलाफ कॉजपा के प्रदर्शन में शामिल होने आए यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
अपराह्न करीब एक बजे इम्तियाज अली मार्ग पर आकाशवाणी भवन के पास बैरिकेड लांघने के बाद प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
शाम को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर के पास भी इसी तरह की घटना हुई, जहां कुछ प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके। प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के दौरान कुल सात सुरक्षाकर्मी घायल हुए।
