देवली एक्सटेंशन में व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, परिचित गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 11 सितंबर (ए) दक्षिण दिल्ली के देवली एक्सटेंशन में परिचितों द्वारा मुलाकात के लिए बुलाए जाने के बाद 48 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि इस हत्या के पीछे पीड़ित और एक आरोपी के बीच पैसों का विवाद संभावित कारण हो सकता है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

परिजनों के अनुसार, पीड़ित देवेंद्र गुप्ता को बृहस्पतिवार को कुछ लोगों ने मिलने और साथ में खाना खाने के लिए बुलाया था, तभी यह घटना घटी। अधिकारियों के मुताबिक, तिगरी थाने में गोलीबारी के संबंध में सूचना दी गई थी।पुलिस ने कहा कि देवेन्द्र गुप्ता की गर्दन पर गोली लगने का घाव मिला है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 36-वर्षीय मोहिद के रूप में हुई, जिसे मौके से पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और कारतूस का एक खाली खोखा बरामद किया गया।

पुलिस ने कहा कि अपराध जांच (फोरेंसिक) विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रासंगिक साक्ष्य कब्जे में लिये।

अधिकारियों ने कहा कि प्रारंभिक जांच में इस घटना के मकसद के बारे में अलग-अलग बातें सामने आई हैं, जिन्हें गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक और बैलिस्टिक जांच और तकनीकी सबूतों के जरिये सत्यापित किया जा रहा है।