अलप्पुझा: 14 फरवरी (ए)
) केरल के अलप्पुझा जिले में पिछले कई वर्षों से 14 वर्षीय एक लड़की का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में उसके पिता और चचेरे भाई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि लड़की के पिता और चचेरे भाई के अलावा, दो और व्यक्तियों पर अलग-अलग समय पर उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप है और वे फरार हैं।उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं, क्योंकि यौन उत्पीड़न की घटनाएं अलग-अलग तारीखों पर हुई थीं।
पुलिस ने बताया कि शेष दो आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा कि यौन उत्पीड़न की ये घटनाएं जिले के पुन्नप्रा इलाके में चार साल से अधिक समय तक चलीं।
पुलिस ने बताया कि लड़की के साथ आठ साल की उम्र में उसके मामा ने यौन उत्पीड़न किया था, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया था और बाद में जमानत पर रिहा होने के बाद उसने आत्महत्या कर ली।
इसके बाद, वह लड़की बाल कल्याण समिति द्वारा संचालित एक गृह में रह रही थी।
कुछ साल पहले, 2022 में उसके पिता उसे वहां से ले आए और एक रिश्तेदार की देखरेख में छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद ही यौन उत्पीड़न की घटनाएं शुरू हुईं।
ये घटनाएं तब सामने आईं, जब लड़की ने अपने साथ हुई घटना के बारे में एक दोस्त को बताया, जिसने अपने माता-पिता को बताया और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।