प्राथमिक विद्यालय में गोलीबारी में तीन बच्चों और एक शिक्षक की मौत, हमलावर भी मारा गया

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

बेंड (ओरेगन): 16 अक्टूबर (एपी) अमेरिका के ओरेगन राज्य के बेंड शहर में बृहस्पतिवार को एक प्राथमिक विद्यालय में 16 वर्षीय किशोर द्वारा की गई गोलीबारी में तीन बच्चों और एक शिक्षक की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने हमलावर का पीछा किया और उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बेंड के पुलिस प्रमुख माइक क्रांट्स ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध विद्यालय के भीतर मृत मिला।

क्रांट्स के अनुसार, गोलीबारी में मारे गए बच्चों की उम्र पांच, आठ और 11 वर्ष थी। वहीं, एक अन्य बच्चा और 54 वर्षीय शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, बेंड निवासी हमलावर ने दरवाजे पर लगे ताले पर गोलियां चलाकर उसे खोला और विद्यालय में घुस गया।

पुलिस प्रवक्ता शीला मिलर ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के घटनास्थल पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद हमलावर को गोली लगी और वह विद्यालय के भीतर गिर पड़ा।

पुलिस प्रमुख क्रांट्स ने बताया कि पहली सूचना दोपहर एक बजे के आसपास मिली। ‘सिल्वर रेल ऐलिमेंट्री’ स्कूल के बाहर एक वाहन में मौजूद व्यक्ति ने फोन कर बताया था कि बंदूक लिए एक व्यक्ति ने उस पर गोली चलाई है।

मिलर ने बताया कि इसके बाद विद्यालय की ओर से आपातकालीन सूचना दी गई। पुलिस अधिकारी कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हमलावर विद्यालय में किसी को जानता था या उसने कभी वहां पढ़ाई की थी।

मामले की जांच से जुड़े कानून प्रवर्तन अधिकारी ने पहचान उजागर न करने की शर्त पर बताया कि हमलावर ने ‘पंप-एक्शन’ वाली बंदूक का इस्तेमाल किया, जिसे उसकी मां ने खरीदा था।

ओरेगन शिक्षा विभाग के अनुसार, पोर्टलैंड से करीब160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित बेंड के इस विद्यालय में पिछले वर्ष 459 विद्यार्थी नामांकित थे जहां केजी से लेकर पांचवीं कक्षा तक की पढ़ाई होती है।

बृहस्पतिवार रात आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ओरेगन की गवर्नर टीना कोटेक ने कहा कि इस घटना ने उन्हें ‘‘झकझोर कर रख दिया है।’’

उन्होंने उस व्यक्ति का आभार भी जताया, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर का पीछा किया।