Site icon Asian News Service

प्रियंका गांधी 17 नवंबर को चित्रकूट से फूकेंगी बिगुल

Spread the love

लखनऊ-चित्रकूट,14 नवंबर (ए) । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 17 नवंबर को भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट से विधानसभा चुनाव में फतह के लिए बिगुल फूंकेंगी। वह रामघाट पर महिलाओं से संवाद करेंगी। यहां तीन हजार महिलाओं को एकत्र करने की तैयारी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों ने तैयारियों को लेकर डेरा भी डाल दिया है। मौजूदा समय बुंदेलखंड की सभी विस सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इससे पहले यहां सपा और बसपा काबिज रही, कांग्रेस को लंबे समय से बुंदेलखण्ड में जमीन की तलाश है।

प्रियंका गांधी चित्रकूट से कांग्रेस के लिए जमीन तैयार करने की शुरुआत करेंगी। इसके चलते कांग्रेस महासचिव का भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी में आगमन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राष्ट्रीय महासचिव ने इस बार आधी आबादी को अपने पाले में लाने के लिए 40 फीसदी महिलाओं को चुनाव में उतारने की घोषणा की है। वह अपने वायदे को और मजबूती देने के लिए यहां सभा के बजाय महिलाओं से सीधे संवाद करने आ रही हैं। रामघाट पर तीन हजार से अधिक महिलाओं को इकट्ठा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनसे प्रियंका सीधे मुखातिब होंगी।

Exit mobile version