इंदौर (मध्यप्रदेश): आठ मई (ए)
) इंदौर में यातायात पुलिस की एक महिला कर्मी द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता को कथित तौर पर थप्पड़ मारे जाने से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एक व्यस्त चौराहे पर चक्काजाम कर दिया।
भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के बाद यातायात थाने की प्रभारी समेत तीन पुलिस कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।भाजपा नेता वीरेंद्र शेंडगे ने संवाददाताओं से कहा कि महू नाका चौराहे के ट्रैफिक सिग्नल पर हरी बत्ती से लाल बत्ती होने वाली थी और वह तेजी से दोपहिया वाहन से सिग्नल पार करने की कोशिश कर रहे थे।उन्होंने आरोप लगाया कि यातायात पुलिस की एक महिला कर्मी ने उन्हें रोका और यह कहते हुए थप्पड़ मार दिया कि वह मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चला रहे थे।
शेंडगे ने दावा किया कि वह मोबाइल फोन पर बात नहीं कर रहे थे। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि थप्पड़ मारे जाने को लेकर आपत्ति जताने पर यातायात पुलिस कर्मियों ने उनसे अभद्रता की।
शेंडगे, भाजपा संगठन में शहर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 के प्रभारी हैं।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता महू नाका चौराहे पर जमा हो गए और यातायात पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के लिए कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस के बैरिकेड का इस्तेमाल करते भी देखा गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुप्रिया चौधरी ने ‘ बताया कि इस घटना को लेकर कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में यातायात पुलिस थाने की प्रभारी राधा यादव को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है, जबकि सूबेदार (उप निरीक्षक स्तर का अधिकारी) लक्ष्मी धारवे और आरक्षक शेखर गवली को निलंबित कर दिया गया है।
एक अन्य एसीपी शिवेंदु जोशी ने बताया कि समूचे घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जांच के बाद आगामी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।