भाजपा ने टी.राजा सिंह का इस्तीफा किया स्वीकार, आरोपों को किया खारिज

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 11 जुलाई (ए)) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेलंगाना के अपने विधायक टी राजा सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। पार्टी ने राजा सिंह के आरोपों को अप्रासंगिक बताते हुए खारिज कर दिया है।

राजा सिंह ने भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष के चयन की आलोचना करते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।

भाजपा की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष के रूप में रामचंदर राव की संभावित नियुक्ति से नाराज राजा सिंह ने 30 जून को तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को एक पत्र लिखा था।

राजा सिंह ने कहा था कि यह निर्णय पार्टी के लाखों सदस्यों के लिए बेहद निराशा की बात है और इसे उनका त्यागपत्र माना जाना चाहिए।

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने विधायक को लिखे पत्र में बताया कि उनका पत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के संज्ञान में लाया गया है।

अरुण सिंह ने कहा, ‘‘ आपके द्वारा उल्लिखित विषयवस्तु अप्रासंगिक है तथा पार्टी की कार्यप्रणाली, विचारधारा और सिद्धांतों से मेल नहीं खाती।’’

अरुण सिंह ने बताया कि नड्डा के निर्देशानुसार राजा सिंह का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है।