भ्रष्टाचार के आरोप में चीन के पूर्व कृषि मंत्री को मौत की सजा सुनाई गई

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

बीजिंग: 28 सितंबर (ए)) चीन के पूर्व कृषि एवं ग्रामीण मामलों के मंत्री तांग रेनजियान को 3.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर की रिश्वत लेने के मामले में रविवार को मौत की सजा सुनाई गई। हालांकि सजा पर अभी दो साल तक अमल नहीं होगा।

 

पूर्वोत्तर चीन के जिलिन प्रांत में चांगचुन की ‘इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट’ ने अपने फैसले में कहा कि तांग को आजीवन अपने राजनीतिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया है।

अदालत ने कहा कि तांग की सारी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी और रिश्वत से अर्जित अवैध लाभ को वसूल कर राष्ट्रीय खजाने में जमा कर दिया जायेगा।

अदालत ने कहा कि 2007 और 2024 के बीच, तांग ने केंद्रीय और स्थानीय दोनों स्तरों पर अपने विभिन्न पदों का अनुचित लाभ उठाया।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ की खबर के अनुसार, इसके बदले में उन्होंने 26.8 करोड़ युआन (लगभग 3.8 करोड़ अमेरिकी डॉलर) से अधिक की धनराशि और कीमती वस्तुएं स्वीकार की।

तांग ने अपने अंतिम बयान में अपना अपराध स्वीकार किया है और इसके लिए खेद व्यक्त किया है।

अदालत ने फैसला सुनाया कि तांग के अपराधों के लिए मृत्युदंड की सजा उचित है।

खबर के अनुसार इस मामले की सुनवाई 25 जुलाई को अदालत में हुई। मुकदमे के दौरान, अभियोजकों, प्रतिवादी और उसके बचाव पक्ष के वकील ने सबूतों की जिरह की और अपने-अपने बयान दिये।

वर्ष 2012 में राष्ट्रपति शी चिनफिंग के सत्ता में आने के बाद सत्तारूढ़ ‘कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना’ (सीपीसी) द्वारा चलाए गए व्यापक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में दस लाख से अधिक चीनी अधिकारियों को दंडित या अनुशासित किया गया है। इनमें कई शीर्ष सैन्य अधिकारी शामिल हैं।