एटा (उप्र): 20 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक मंदिर के पास लगे मेले में कथित तौर चाउमीन और आइसक्रीम खाने के बाद पर 12 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई। अधिकारियों को संदेह है कि खाने का कोई टुकड़ा उसकी श्वासनली में फंस गया होगा।
एटा जिले के मिरहची कस्बे की निवासी और कक्षा 10 की छात्रा तानू श्रीवास्तव नौ दिन का व्रत पूरा करने के बाद सोमवार दोपहर अपने परिवार के साथ कासगंज स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर पहुंची थी। अधिकारियों ने बताया कि पूजा-अर्चना करने के बाद, उसने मंदिर परिसर में लगे मेले में चाउमीन और आइसक्रीम खाई और लगभग 4.30 बजे घर लौटते समय, वह अचानक बेचैन हो गई और उल्टी करने लगी।
अधिकारियों के अनुसार, उसका परिवार उसे कासगंज के कलावती अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एटा के अपर जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि हो सकता है कि उल्टी करते समय चाउमीन का कोई टुकड़ा बच्ची की सांस की नली में फंस गया हो, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा, ‘मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।’
बच्ची ‘द एंजल फ्यूचर स्कूल’ की छात्रा थी। उसके पिता, शरद श्रीवास्तव, असम के डिब्रूगढ़ में एक निजी कंपनी में टेक्नीशियन के तौर पर काम करते हैं।
