मुंबई से कोलकाता जाने वाले विमान में एक यात्री ने दूसरे यात्री को मारा थप्पड़, फिर —

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: एक अगस्त (ए)) मुंबई से कोलकाता जाने वाले इंडिगो के एक विमान में शुक्रवार को एक यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ मार दिया। एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

सूत्र ने बताया कि यह घटना उड़ान संख्या 6ई138 में हुई और विमान के कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरने के बाद आरोपी यात्री को सुरक्षा दल को सौंप दिया गया।सूत्र ने बताया कि विमानन कंपनी ने यात्री को उपद्रवी भी घोषित कर दिया है। इंडिगो की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

विमान में सवार लोगों की संख्या तुरंत पता नहीं चल पाई।

यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ क्यों मारा, ये जानकारी भी सामने नहीं आई है।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसमें अपनी सीट पर बैठे एक यात्री को अचानक एक अन्य यात्री को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है।

घटना के बाद दूसरा यात्री रोने लगा और उसे मौके से हटा दिया गया।

इसके अलावा वीडियो में चालक दल के एक सदस्य को सीट पर बैठे यात्री से ‘ऐसा मत करो’ कहते हुए सुना जा सकता है जबकि एक अन्य यात्री को यह पूछते हुए सुना गया कि उसने थप्पड़ क्यों मारा और उसे किसी को मारने का कोई अधिकार नहीं है।

एक यात्री को यह भी कहता हुआ सुना गया कि जिस व्यक्ति को मारा गया, उसे घबराहट हो गयी थी।

हालांकि यह तुरंत पता नहीं चल पाया कि घटना किस समय हुई। घटना ‘एयरबस ए321’ विमान में हुई।