यमन के तट के पास भारतीयों को ले जा रही नौका से जुड़ी कथित घटना के ‘तथ्यों’ का पता लगा रहे : भारत

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

दुबई : 23 अक्टूबर (ए) यमन में भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि वह यमन के तट के पास कथित तौर पर एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना की जानकारी जुटा रहा है और इसके लिए उसने विभिन्न पक्षों से संपर्क किया है।दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमें आज यमन के तट के पास एक नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी घटना के बारे में खबरें मिली हैं।”

उसने कहा, “हम घटना के बारे में और जानकारी जुटा रहे हैं तथा भारतीय नागरिकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव मदद मुहैया कराएंगे।”

अरब के कुछ मीडिया संस्थानों ने बृहस्पतिवार को यमन के हूती विद्रोही बल के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया कि सऊदी अरब के बलों ने लाल सागर में यमन के तट के पास यूकर द्वीप के निकट एक भारतीय नौका को निशाना बनाया।सरी ने कहा कि नौका पर 14 भारतीय नागरिक सवार हैं और हूती बल उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में बाद में और जानकारी दी जाएगी।

हाल के महीनों में ईरान समर्थित हूति विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच टकराव बढ़ गया है, जिसमें दोनों पक्ष एक-दूसरे की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं।

सऊदी अरब में बुधवार को एक प्रमुख हवाई अड्डे और एक तेल प्रतिष्ठान पर हुए दो अलग-अलग हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए