नयी दिल्ली: 25 नवंबर (ए) उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए इलाहाबाद उच्च न्यायालय के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को उनके खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच का निर्देश दिया गया था।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य विग्नेश शिशिर की याचिका नए सिरे से विचार के लिए उच्च न्यायालय को वापस भेज दी। इसमें याचिका के सुनवाई योग्य होने या न होने के सवाल पर भी विचार करने को कहा गया है।
पीठ ने अपने आदेश में कहा, ”उच्च न्यायालय द्वारा पारित सभी विवादित आदेश रद्द किए जाते हैं। मामले को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के समक्ष रखा जाए, ताकि वह नयी पीठ का गठन कर सकें। नयी पीठ खुली अदालत में मामले की सुनवाई शुरू से करेगी।”
पीठ ने कहा कि याचिका के सुनवाई योग्य होने या न होने के मुद्दे सहित दोनों पक्षों की सभी दलीलों पर विचार का विकल्प खुला रहेगा। साथ ही, उच्च न्यायालय में याचिका दायर करने वाले एस. विग्नेश शिशिर को निर्देश दिया गया कि वह राहुल गांधी को इस याचिका में प्रतिवादी बनाएं।
उच्चतम न्यायालय ने इससे पहले इलाहाबाद उच्च न्यायालय को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों से जुड़े मामले में आगे की सुनवाई नहीं करने को कहा था।
शीर्ष अदालत ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मामले में उच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भी कोई रिपोर्ट दाखिल नहीं करने को कहा था।
राहुल गांधी ने उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय का रुख किया था, जिसमें सीबीआई और ईडी को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया गया था।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ ने सीबीआई के जवाब पर असंतोष जताते हुए 20 जुलाई को एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी को निर्देश दिया था कि वह राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच में हुई प्रगति का ब्योरा देते हुए व्यक्तिगत रूप से नया हलफनामा दाखिल करें।
उच्च न्यायालय ने यह भी कहा था कि अगर ईडी को अपनी जांच के दौरान किसी तरह की गैरकानूनी गतिविधि के संकेत देने वाली सामग्री या दस्तावेज मिलते हैं, तो वह कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगी।
उच्च न्यायालय कांग्रेस नेता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की सीबीआई और ईडी से जांच कराने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई कर रहा था।
भाजपा सदस्य विग्नेश शिशिर की ओर से दायर आपराधिक रिट याचिका पर करीब दो घंटे तक बंद कमरे में सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने यह आदेश दिया था। शिशिर इससे पहले भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता का आरोप लगाते हुए याचिकाएं दायर कर चुके हैं।
उच्च न्यायालय ने कहा था कि सीबीआई की ओर से दाखिल हलफनामा उसके पहले के आदेश के अनुरूप नहीं है और इसमें राहुल गांधी की संपत्ति से जुड़ी शिकायत पर हुई जांच की प्रगति के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है। यह शिकायत याचिकाकर्ता ने दर्ज कराई थी।
अदालत ने सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक मुख्यालय, नयी दिल्ली के संयुक्त निदेशक या संबंधित क्षेत्र के प्रमुख को निर्देश दिया था कि वह अगली सुनवाई से पहले व्यक्तिगत रूप से नया हलफनामा दाखिल करें। इसमें मामले में अब तक हुई जांच की प्रगति का विस्तृत ब्योरा देने को कहा गया था। उच्च न्यायालय ने केंद्र सरकार को कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी), वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग, कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय और गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) की ओर से विस्तृत जवाबी हलफनामे दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय भी दिया था।
अदालत ने अपने पहले के आदेशों के अनुसार मामले से जुड़ी सभी फाइलों को वरिष्ठ रजिस्ट्रार की सुरक्षित अभिरक्षा में सीलबंद लिफाफे में रखने का निर्देश भी दिया था।
मामले की संवेदनशील प्रकृति को देखते हुए उच्च न्यायालय की पीठ इस पर खुली अदालत में सुनवाई नहीं कर रही थी।
