रूस ने जेल में बंद अमेरिकी नागरिक को रिहा किया: अमेरिकी दूत विटकॉफ

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

मास्को: 21 अक्टूबर (ए) अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन में भाड़े के सैनिक के रूप में लड़ने के आरोप में जेल में बंद किये गये एक सेवानिवृत्त अमेरिकी शिक्षक को रूस ने रिहा कर दिया है।

विटकॉफ ने सेंट पीटर्सबर्ग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।

मिशिगन के रहने वाले स्टीफन हबर्ड को 2024 में हुई सुनवाई के बाद लगभग सात साल जेल की सजा सुनाई गई थी।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि फरवरी 2022 में रूस द्वारा यूक्रेन में सैनिक भेजे जाने के बाद हबर्ड ने यूक्रेनी सेना के साथ एक अनुबंध किया था। इसके बाद वह उनके साथ मिलकर लड़ा, लेकिन दो महीने बाद उसे पकड़ लिया गया।

बाइडन प्रशासन के दौरान अमेरिकी सरकार ने हबर्ड को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया व्यक्ति घोषित किया था।

विटकॉफ ने हबर्ड को रिहा करने के लिए पुतिन का आभार जताते हुए उनसे कहा, “आपकी वजह से वह अपने परिवार के पास घर लौट रहा है।”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सप्ताह की शुरुआत में ही हबर्ड की रिहाई के संकेत दिए थे। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था, “मैं हबर्ड के बारे में राष्ट्रपति पुतिन से बात कर रहा हूं। मैंने उनसे इस मुद्दे पर विस्तार से बातचीत की है। मैंने उनसे हबर्ड को रिहा करने का अनुरोध किया है। देखते हैं, क्या होता है।’’