रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी के मामले में पांच लोग हिरासत में लिये गए, बिश्नोई गिरोह का नाम आया

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई: एक फरवरी (ए)) फिल्मकार रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित आवास पर गोलीबारी के मामले मे पुणे में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में इन लोगों के लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य और राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में आरोपी शुभम लोनकर से जुड़े होने के संकेत मिले हैं।

अधिकारियों के अनुसार, जूहू इलाके में स्थित नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर शनिवार रात करीब 12:45 बजे कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत में स्थित जिम के शीशे में जा लगी।

घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना के समय शेट्टी अपने आवास पर मौजूद थे या नहीं।

गोलीबारी के बाद शेट्टी के आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं। जूहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने के लिए इमारत के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। फॉरेंसिक विज्ञान और बैलिस्टिक विशेषज्ञों की टीम भी साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर पहुंचीं।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुणे पुलिस के डीसीपी (जोन-3) संभाजी कदम ने बताया कि पांचों आरोपियों को वारजे मालवाड़ी थाने के पुलिसकर्मियों ने हिरासत में लिया।

हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान करवे नगर के निवासी अमन मारोटे (27) व आदित्य गायकी (19) और धायरी के रहने वाले सिद्धार्थ येनपुरे (20), समर्थ पोमाजी (18) और स्वप्निल सकट (23) के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बोलकोटगी ने बताया कि आरोपियों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए आरोपियों के संबंध लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर से हैं, जो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में आरोपी है।

रोहित शेट्टी ‘गोलमाल’ और अजय देवगन अभिनीत ‘सिंघम’ के साथ-साथ शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के लिए जाने जाते हैं।

बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।