लखनऊ: 19 सितंबर (ए) लखनऊ में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात कानपुर-हरदोई रिंग रोड के पास एक वातानुकूलित रोडवेज बस में आग लग गई। अग्निशमन विभाग ने यह जानकारी दी।
विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया कि शुक्रवार/शनिवार की देर रात करीब 12:30 बजे दमकल विभाग को कानपुर-हरदोई रिंग रोड पर एक बस में आग लगने की सूचना मिली।बयान में कहा गया है कि सूचना मिलते ही अलग-अलग स्थानों से पांच दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। मौके पर पहुंचने पर कर्मियों ने देखा कि रोडवेज की एसी बस आग की लपटों में घिरी हुई है।
इसमें कहा गया है कि चारों तरफ से समन्वित पंपिंग अभियान चलाकर आग पर तुरंत काबू पा लिया गया और उसे पूरी तरह बुझा दिया गया। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बयान में कहा गया है कि पूछताछ करने पर मौके पर कोई मौजूद नहीं मिला, जिसके कारण यह पता नहीं चल सका कि बस कहां जा रही थी और उसमें कितने लोग सवार थे।
वहीं, पुलिस के बयान के मुताबिक जांच में पता चला है कि जनरथ बस पारा से दुबग्गा की ओर जा रही थी, तभी अचानक अनियंत्रित होकर बायीं तरफ डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के लगभग दो-तीन मिनट बाद बस में आग लग गई और आग तेजी से पूरे वाहन में फैल गई।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक मौजूद थे, जो सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। अग्निशमन सेवा को तुरंत सूचित किया गया।
पुलिस ने बताया कि आग बुझने के बाद बस के अंदर की गहन तलाशी ली गई, लेकिन अंदर कोई व्यक्ति या अन्य सामान नहीं मिला।
पुलिस ने कहा कि हादसे और आग लगने से किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। आग लगने से बस को भारी नुकसान पहुंचा है।
