Site icon Asian News Service

वाराणसी में शिक्षक MLC सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव 936 वोटों से जीते, स्नातक पर भी सपा का कब्जा

Spread the love

वाराणसी, 04 दिसम्बर एएनएस। वाराणसी में शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा के लाल बिहारी यादव ने ओम प्रकाश शर्मा गुट के प्रमोद कुमार मिश्र को 936 वोटों हरा दिया। लाल बिहारी को कुल 7766 वोट मिले हैं। प्रमोद कुमार 6830 वोट पा सके। यहां पर भाजपा के चेतनारायण सिंह तीसरे नंबर पर चले गए हैं। उन्हें केवल 4858 वोट मिले। चेतनारायण निर्वतमान एमएलसी भी हैं। लाल बिहारी के जीत की घोषणा होते ही सपाइयों में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्हें मालाओं से लाद दिया गया। एक दूसरे को मिठाइयां खिलाने का दौर शुरू हो गया।
मतगणना में लाल बिहारी को 7248 वोट और प्रमोद मिश्र को 6830 वोट मिले। अंतिम में मिश्र के वोट अंतरण करने पर सपा के लाल बिहारी के वोट 518 और बढ़ गए। इस तरह वह अपने प्रतिद्वंद्वी से 936 वोट अधिक हासिल कर चुनाव जीत गए। शिक्षक सीट पर पिछले 10 साल से काबिज निवर्तमान विधायक चेतनारायण सिंह मतगणना के प्रारंभ से अंत तक तीसरे स्थान पर ही बने रहे। वह मात्र 4858 मत ही पा सके। 
अन्य प्रत्याशियों में कृष्ण मोहन यादव को 1621, डा. जितेंद्र कुमार सिंह पटेल को 783, धर्मेंद्र कुमार को 191, डा. फरीद अंसारी को 169, डा. बृजेश को 530, रजनी को 527, रमेश सिंह को 1973, राजेन्द्र प्रताप सिंह को 1444, संजय कुमार सिंह को 1001 वोट मिले। 
स्नातक सीट पर भी सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने भाजपा के केदारनाथ सिंह को हरा कर जीत दर्ज की है।  स्नातक व शिक्षक निर्वाचन खंड वाराणसी के लिए शुक्रवार की सुबह आठ बजे से पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर काउंटिंग शुरू हुई थी।

Exit mobile version