लखनऊ, 15 अक्टूबर एएनएस। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि मिशन शक्ति अभियान सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जिलों में प्रभावी ढंग से लागू करें और इसकी मानीटरिंग भी करें और नोडल अधिकारी कार्यों की समीक्षा करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए हर थाने में एक महिला हेल्प डेस्क स्थापित की जाए। राज्य सरकार द्वारा लागू किया जा रहा ‘मिशन शक्ति’ अभियान शारदीय नवरात्रि से लेकर बासंतिक नवरात्रि तक निरन्तर चलाया जाएगा। महिला एवं बालिका सुरक्षा के मद्देनजर यह राज्य सरकार का एक विशेष अभियान है, जिसमें पुलिस सहित अन्य विभागों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीकों के प्रति सजग और जागरूक किया जाए।
अब तक सवा करोड़ टेस्ट
मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में कोविड-19 संक्रमण की जांच की व्यवस्था लगातार सुदृढ़ की जा रही है, जिसके चलते आज तक प्रदेश में 1.25 करोड़ कोविड-19 टेस्ट किए जा चुके हैं। 30 सितम्बर 2020 तक यह संख्या 1 करोड़ थी। इस प्रकार 15 दिन में कोविड-19 टेस्ट की संख्या में 25 लाख की बढ़ोत्तरी हुई है।
