जयपुर: 10 सितंबर (ए) जयपुर में सुबह की सैर से लौट रहे एक व्यक्ति का दो लोगों ने उसी की लग्जरी कार में अपहरण करने का प्रयास किया। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बृहस्पतिवार को बताया कि कार बाद में एक गड्ढे में गिर गई और आरोपी भाग गए।
अशोक नगर के थानाधिकारी हेमंत जनागल ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति सुबह की सैर से लौट रहा था तभी दो व्यक्ति उसकी कार में जबरदस्ती घुस गए और खुद वाहन चलाने लगे।
पीड़ित के एक रिश्तेदार ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित से पूछकर कार चलाई और आमेर इलाके में दिल्ली रोड पर एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट पीड़ित चलती कार का दरवाजा खोलने और बाहर निकलने में कामयाब रहा। इस दौरान आरोपी घबरा गए जिससे उन्होंने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से उतरकर दिल्ली रोड पर ‘पीली की तलाई’ कट के पास गड्ढे में गिर गई।
पीड़ित कार से बाहर निकलने और भागने में सफल रहा। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर आमेर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि कार से खिलौना पिस्तौल और एक चाकू बरामद किया गया है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पीड़ित ने अशोक नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
