‘स्लीपर बस’ पलटने से दो लोगों की मौत, चालक को हिरासत में लिया गया

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 25 मार्च (ए)) मध्य दिल्ली के करोल बाग इलाके में हनुमान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक ‘स्लीपर बस’ पलटने से दो यात्रियों की मौत हो गई और कम से कम 23 लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि रात करीब एक बजे करोल बाग थाने को पीसीआर (पुलिस नियंत्रण कक्ष) से घटना की सूचना मिली जिसमें बताया गया कि दुर्घटना के बाद कई यात्री एक बस के अंदर फंसे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि करीब 30 यात्रियों को लेकर बस जयपुर से राष्ट्रीय राजधानी पहुंची थी।

अधिकारी ने बताया कि करोल बाग थाना प्रभारी (एसएचओ) के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम, पिकेट स्टाफ और रात्रि गश्त कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर बस को पलटा हुआ पाया।

अधिकारी ने बताया, ‘‘यात्री अंदर फंसे हुए थे और मदद के लिए चिल्ला रहे थे।’’

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मियों, दिल्ली अग्निशमन सेवा और स्थानीय लोगों ने तुरंत फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। उन्होंने कहा कि पास में मौजूद एक जेसीबी मशीन की मदद से बस को सीधा किया गया और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल जिन 10 यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया उन्हें तुरंत गंगा राम अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद, 12 घायलों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल और एक व्यक्ति को लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

अधिकारी ने कहा कि घायल दो पुरूष यात्रियों ने राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि मृतकों में से एक की पहचान उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी शाहबाज आलम (30) के रूप में हुई है जबकि अन्य की उम्र 20 वर्ष के आसपास है और उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

राजस्थान के अलवर निवासी बस चालक पंकज कुमार (26) को हिरासत में ले लिया गया है और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज हो रहा है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘मामले की जांच जारी है और अस्पतालों से घायलों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’

अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई तथा जनता और अग्निशमन विभाग की सहायता से कई जानें बचाई जा सकीं।