हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने कांवड़ लेकर ताजमहल में प्रवेश करने की कोशिश की, पुलिस ने रोका

आगरा उत्तर प्रदेश
Spread the love

आगरा (उप्र): चार अगस्त (ए) अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल के वास्तव में शिव मंदिर होने का दावा करते हुए जलाभिषेक के लिए परिसर में दाखिल होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सूचना मिली थी कि अखिल भारत हिंदू महासभा से जुड़ी 11 महिलाएं श्रावण मास के पहले सोमवार को ताजमहल में जलाभिषेक करने की कोशिश करेंगी, इससे सतर्क पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक लिया और राजेश्वर मंदिर में जाकर जलाभिषेक करवाया।

हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने दावा किया कि ताजमहल दरअसल शिव मंदिर है और ताजमहल में कव्वाली हो सकती है तो पूजा अर्चना भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने अभी रोक दिया है लेकिन संगठन के कार्यकर्ता श्रावण के आने वाले सोमवार को भी ताजमहल में कांवड़ ले जाकर पूजा का प्रयास करेंगे।

अखिल भारत हिंदू महा सभा के कार्यकर्ता पिछले वर्षों में कई बार ताजमहल को शिव मंदिर ‘तेजोमहालय’ होने का दावा कर सावन के महीने में पूजा अर्चना करने के लिए परिसर में दाखिल होने की कोशिश कर चुके हैं, हालांकि पुलिस द्वारा उन्हें हर बार रोक दिया गया।