नयी दिल्ली: 21 अक्टूबर (ए)
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इलाके में 11 वर्षीय एक लड़की से दुष्कर्म करने के आरोप में उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान मोहम्मद इश्तखार (43) के रूप में हुई है।पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़िता अपने परिवार के साथ पटपड़गंज गांव में रहती है। उसके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं।
मंगलवार को नाबालिग अपने घर के पास खेल रही थी। इस बीच आरोपी वहां पहुंचा। उसने नाबालिग को बातों में लगा दिया। बाद में किसी बहाने से वह उसे लेकर अपने कमरे पर आ गया। आरोपी ने वहां जबरन वारदात को अंजाम दिया। विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पिटाई भी कर दी। वारदात के बाद उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता बदहवास अपने घर पहुंची तो मां ने उससे पूछताछ की।
बाद में नाबालिग ने डरते-डरते मां को सारी बात बता दी। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने परिजनों की सहमति पर नाबालिग का मेडिकल करवाया। इसके बाद उसका बयान लेकर पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया। बाद में पुलिस ने आरोपी को एरिया से दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। वारदात के बाद से नाबालिग बुरी तरह सहमी हुई है।