भोपाल: 29 जनवरी (ए)
) मध्यप्रदेश में बृहस्पतिवार को बड़े स्तर पर भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के तबादले करते हुए बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार को भोपाल का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया जबकि वरिष्ठ अधिकारी उमेश जोगा को नया परिवहन आयुक्त बनाया गया है।
कुमार ने हरिनारायण चारी मिश्रा का स्थान लिया है, जिन्हें अब भोपाल के राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) के पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के रूप में सेवारत जोगा की जगह राकेश गुप्ता को नियुक्त किया गया है, जो पहले खेल और युवा कल्याण निदेशक के रूप में तैनात थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि ललित शाक्यवर बालाघाट जोन के नए आईजी होंगे और चैत्रा एन शहडोल जोन की आईजी होंगी।
अंशुमन यादव को खेल एवं युवा कल्याण का नया निदेशक बनाया गया है। वर्तमान में नक्सल विरोधी अभियानों के विशेष महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव को सीआईडी का विशेष महानिदेशक नियुक्त किया गया है। श्रीवास्तव की जगह के पी वेंकटेश्वर राव को नक्सल विरोधी अभियान का विशेष महानिदेशक बनाया गया है।
वर्तमान परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा भोपाल के पुलिस प्रशिक्षण अनुसंधान संस्थान (पीटीआरआई) के नए एडीजी होंगे। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे अनंत कुमार सिंह को मध्यप्रदेश पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
पुलिस मुख्यालय के एडीजी डी श्रीनिवास वर्मा को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के अतिरिक्त प्रभार के साथ नारकोटिक्स के एडीजी के रूप में तैनात किया गया है। आईजी (ग्रामीण) अभय सिंह को पीएचक्यू भोपाल में आईजी योजना के पद पर तैनात किया गया है। सिंह की जगह संजय तिवारी को भोपाल का आईजी (ग्रामीण) बनाया गया है।
उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक 1997 बैच के उमेश जोगा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/ परिवहन आयुक्त मध्य प्रदेश ग्वालियर (परिवहन विभाग को सेवाएं सौंपते हुए) बनाया गया है। वहीं, भोपाल जिला नगरीय पुलिस आयुक्त भोपाल 2004 बैच के आईपीएस संजय कुमार को बनाया गया है। वे अभी बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदस्थ थे। वहीं, भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (एससीआरबी) बनाया गया है। इसके अलावा आदेश के अनुसार 1992 बैच के आईपीएस पंकज कुमार श्रीवास्तव को विशेष पुलिस महानिदेशक, सीआईडी एवं विशेष पुलिस महानिदेशक, सतर्कता पुलिस मुख्यालय भोपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। 1994 बैच के आईपीएस अंनत कुमार सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के बाद राज्य में कार्यभार ग्रहरण करने पर विशेष पुलिस महानिदेशक/ प्रबंधक संचालक मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कार्पाेरेशन बनाया गया है। 1995 बैच के आईपीएस केपी वेंकटेश्वर राव को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, तकनीकी सेवाएं तथा एंटी नक्सल ऑपरेशन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 1997 बैच के आईपीएस डी श्रीनिवास वर्मा को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स एवं एसटीएफ पुलिस मुख्यालय भोपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।1998 बैच के आईपीएस और परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा की परिवहन विभाग से सेवाएं वापस लेकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया है। इस बैच के आईपीएस और पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अंशुमन यादव की सेवाएं खेल एवं युवक कल्याण विभाग को सौंपते हुए संचालक खेल एवं युवक कल्याण बनाया गया है। वहीं, 1999 बैच के आईपीएस एवं संचालक खेल एवं युवक कल्याण राकेश गुप्ता को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन बनाया गया है। 2002 बैच के आईपीएस अभय सिंह को पुलिस महानिरीक्षक (योजना) पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है। वहीं, 2004 बैच के आईपीएस एवं पुलिस महानिरीकक्षक (योजना) पुलिस मुख्यालय संजय तिवारी को पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन, 2006 की आईपीएस चैत्रा एन को पुलिस महानिरीक्षक शहडोल जोन, 2008 बैच के आईपीएस ललित शाक्यवार को पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन बनाया गया है।