लखनऊ,31 मार्च (ए)। उत्तर प्रदेश में सरकार ने
सोमवार को 27 आईपीएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया है। जिसमें कई जिलों के कप्तान भी शामिल हैं। इससे पहले प्रदेश सरकार ने 9 आईएएस अफसरों को तबादला किया था। गृह विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार महानिरीक्षक प्रशिक्षण के पद पर कार्यरत चंद्र प्रकाश को अब आईजी सुरक्षा के पद पर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही शाहजहांपुर, एटा, महोबा, रामपुर, कौशांबी, चंदौली, अमरोहा, मऊ, जालौन, बहराइच, फिरोजाबाद, महराजगंज और हमीरपुर के एसपी-एसएसपी का भी तबादला किया गया है। तबादला सूची के अनुसार, इलामारन जी. को मऊ से हटाकर एटा का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बनाया गया है। वहीं, राजेश द्विवेदी को शाहजहांपुर से सेनानायक 38वीं वाहिनी पीएसी अलीगढ़ भेजा गया है। सौरभ दीक्षित को फिरोजाबाद से हटाकर शाहजहांपुर की कमान सौंपी गई है। आदित्य लांग्हे को चंदौली से फिरोजाबाद और अमित कुमार आनंद को अमरोहा से लखनऊ कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात किया गया है।