नयी दिल्ली: एक जनवरी (ए) तीन दशक से अधिक समय से जारी सिलसिले को बरकरार रखते हुए भारत और पाकिस्तान ने एक द्विपक्षीय समझौते के तहत अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची का बृहस्पतिवार को आदान-प्रदान किया।
सूची का आदान-प्रदान ऐसे समय किया गया है जब पिछले साल मई में चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच संबंध तनावपूर्ण हैं।विदेश मंत्रालय ने कहा कि सूची का आदान-प्रदान परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले को रोकने वाले एक समझौते के तहत हुआ है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया, दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच राजनयिक माध्यम से सूची का आदान- प्रदान किया गया। मंत्रालय ने बताया कि इस समझौते पर 31 दिसंबर 1988 को हस्ताक्षर किया गया था जो 27 जनवरी 1991 को लागू हुआ था। समझौते के तहत दोनों देशों के बीच, हर साल एक जनवरी को अपने-अपने परमाणु प्रतिष्ठानों के बारे में एक-दूसरे को सूचित करने का प्रावधान है।विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह दोनों देशों के बीच ऐसी सूचियों का लगातार 35वां आदान-प्रदान है। इस सूची का पहला आदान-प्रदान एक जनवरी 1992 को हुआ था।