लखनऊ, सात जनवरी (ए)।उत्तर प्रदेश सरकार ने
बुधवार को 20 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस तबादला सूची में कई अहम पदों और प्रमुख जिलों व कमिश्नरेट से जुड़े अधिकारी शामिल हैं।शासन के आदेश के मुताबिक, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात रहे अमित वर्मा को हटाकर आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) का पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं मानवाधिकार प्रकोष्ठ में तैनात आईपीएस अपर्णा कुमार को लखनऊ कमिश्नरेट का नया संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है।तबादलों के क्रम में आईपीएस डॉ. संजीव गुप्ता को अपर पुलिस महानिदेशक, यूपी पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशांत कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन, तरुण गाबा को अपर पुलिस महानिदेशक सुरक्षा, आशुतोष कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और आईपीएस अपर्णा कुमार को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।मोदक राजेश डी. राव को पुलिस महानिरीक्षक, स्थापना बनाया गया है। आईपीएस आरके भारद्वाज को पुलिस महानिरीक्षक रेलवे, किरण एस को पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ परिक्षेत्र, आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को पुलिस महानिरीक्षक भ्र.नि.स. लखनऊ, अमित वर्मा को पुलिस महानिरीक्षक ईओडब्ल्यू की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. अखिलेश कुमार निगम को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी की जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस एन कोलांची को पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज और राजीव मल्होत्रा को पुलिस महानिरीक्षक यूपी सीआईएफएस लखनऊ बनाया गया है।आईपीएस रोहन पी कनय को पुलिस उपमहानिरीक्षक विशेष जांच यूपी, लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मो. इमरान को पुलिस उपमहानिरीक्षक भवन एवं कल्याण, आईपीएस संतोष कुमार मिश्रा को पुलिस उपमहानिरीक्षक पीटीएस जालौन और आईपीएस विजय ढुल को अपर पुलिस आयुक्त पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।