सोना, चांदी के भाव रिकॉर्ड नए शिखर पर

व्यापार 
Spread the love

नयी दिल्ली: 21 जनवरी (ए)) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना और चांदी नए शिखर पर पहुंच गए। सोने की कीमत करीब 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 3.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 6,500 रुपये यानी 4.24 प्रतिशत बढ़कर 1,59,700 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गया।

मंगलवार को, सोने ने पहली बार देश की राजधानी में 1.5 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के महत्वपूर्ण स्तर को पार किया। स्थानीय सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत में भी लगातार नौवें दिन तेजी जारी रही। चांदी की कीमत 11,300 रुपए बढ़कर 3,34,300 रुपए प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 20,400 रुपए बढ़कर 3,23,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज), सौमिल गांधी का कहना है कि सोने-चांदी ने बुधवार को नए रिकॉर्ड ऊंचाई को छुआ। लगातार सुरक्षित निवेश की मांग बनी रही और सोने और चांदी-समर्थित एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड में मजबूत निवेश के कारण रिकॉर्ड-तोड़ तेजी देखी गई। उन्होंने कहा कि दोनों कीमती धातुओं की घरेलू बाजार में अंतरराष्ट्रीय कीमतों की तुलना में काफी प्रीमियम पर कारोबार हुआ, क्योंकि आपूर्ति की स्थिति तंग थी, निवेश के लिए मजबूत मांग थी और रुपया कमजोर था। गांधी ने कहा कि इन वजहों से वैश्विक मानक के मुकाबले घरेलू कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता बताते हैं कि अगले 10-15 दिन में चांदी 4 लाख रुपए के ऐतिहासिक आंकड़े को छू सकती है। उनका अनुमान है कि चांदी में अभी और तेजी आएगी। हालांकि, उन्होंने चेतावनी भी दी, कि आप निवेश करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा संभलकर करें। क्योंकि, अगले हफ्ते मुनाफावसूली भी हो सकती है।