राजकोट: दो फरवरी (ए)
) गुजरात के राजकोट शहर के नजदीक सोमवार शाम को रेलवे पटरी के करीब ‘ग्रुप सेल्फी’ लेते समय वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अजी डैम पुलिस थाना के उप निरीक्षक एआर राठौड़ ने बताया कि यह घटना शाम 4:45 बजे भक्तिनगर और रिबदा स्टेशन के बीच एक रेलवे फाटक के पास उस समय हुई, जब वेरावल-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजर रही थी। उन्होंने बताया कि उस समय तीनों युवक अपने मोबाइल फोन से सेल्फी लेने के लिए पटरियों के करीब आ गए थे, लेकिन तभी वे तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए।
अधिकारी के मुताबिक, तीनों पीड़ितों की उम्र 20 से 29 साल के बीच थी। राठौड़ ने बताया, ”पटरियों से दूरी का गलत अनुमान लगाने के कारण तीनों ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना के बाद ट्रेन कुछ देर के लिए रुकी। उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में एक और युवक की मौत हो गई।”
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान संदीप पटेल और संदीप कोली के रूप में हुई है, जबकि घायल की पहचान कपिल पटेल के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के निवासी थे और राजकोट में कारखाने में मजदूर के रूप में काम करते थे। राठौड़ के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों संदीप पटेल को छोड़ने स्टेशन जा रहे थे, जो अपने गांव जा रहा था। उप निरीक्षक राठौड़ ने बताया, ”पटरी पार करते समय उन्होंने पटरियों के पास एक ग्रुप सेल्फी लेने का फैसला किया, लेकिन इसी दौरान वे ट्रेन की चपेट में आ गए।”