रायपुर: 26 फरवरी (ए)
) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के इन्द्रावती नदी क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को नक्सल रोधी अभियान पर रवाना किया गया था।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बृहस्पतिवार सुबह इन्द्रावती नदी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड हुई।
बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने बताया कि मुठभेड के बाद खोजबीन के दौरान मुठभेड़ स्थल से दो वर्दीधारी माओवादियों के शव और एसएलआर राइफल, इंसास राइफल तथा 12 बोर की राइफल समेत हथियार, विस्फोटक एवं अन्य माओवादी सामग्री बरामद की गई।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
इस कार्रवाई के साथ, इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ में कम से कम 25 माओवादी मारे जा चुके हैं। गत तीन जनवरी को, बस्तर इलाके में दो मुठभेड़ में 14 माओवादी मारे गए थे।
पिछले साल छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कुल 285 माओवादी मारे गए थे।
केंद्र सरकार ने माओवाद को खत्म करने के लिए इस साल 31 मार्च तक की समयसीमा तय की है